छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

छोटी बच्ची के हाथों नारियल पानी पीकर विधायक देवेंद्र यादव ने पांचवें दिन अपना अनशन समाप्त किया

बीएसपी प्रबंधन ने कुछ मांगें मानी, कुछ पर आगे चर्चा होगी, सेक्टर 9 हॉस्पिटल नहीं बिकेगा, मैत्रीबाग राज्य सरकार को

देवेंद्र ने कहा भिलाई के आम जन के प्यार से ही ये हो पाया

आगे की रणनीति भिलाई की जनता और ट्रेड यूनियन और सभी सामाजिक संगठन और समितियों से चर्चा कर तय की जाएगी

भिलाई- विधायक देवेंद्र यादव का अनशन आज 24 दिसंबर को पांचवें दिन समाप्त हुआ। भिलाई निवास में कार्यवाहक डीआइसी ईडी एचआर पवन कुमार, एसडीएम पिसदा के साथ विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक अरुण वोरा,महापौर नीरज पाल,राजेंद्र परगनिहा, प्रदीप दास, सीजू एंथोनी, पूर्व महापौर नीता लोधी की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई।

करीब दो घंटे तक चर्चा हुई। विधायक ने लौटने के बाद मंच पर आकर कहा “आप सबसे बोल कर गया था कि मैं बीएसपी का पानी नहीं पिऊगा। इसलिए यहां आकर पानी पी रहा हूं”। विधायक देवेंद्र यादव ने मंच से जानकारी देते हुए बताया कि-

-सेक्टर 9 हॉस्पिटल नहीं बिकेगा। किसी को लीज पर नहीं दिया जाएगा।सेक्टर 9 हॉस्पिटल के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों की सुविधाओं में कटौती नहीं की जाएगी।सेक्टर 9 हॉस्पिटल के जो यूनिट नहीं चल रहे हैं, उनमें बाहरी सुविधा ले रहे हैं, ताकि रेफर करने की नौबत न आने पाए।

-बीएसपी स्कूलों को किसी संस्था को देंने की बात पर विधायक ने प्रबंधन से कहा राज्य सरकार को बगैर शामिल किए आप इस पर आगे बढ़ेंगे तो हम सहमत नहीं होंगे।

-मैत्रीबाग किसी प्राइवेट संस्था को नहीं दिया जाएगा। यह बीएसपी का है, बीएसपी के पास ही रहेगा। छत्तीसगढ़ की सरकार लेना चाहेगी तो देंगे। विधायक ने कहा,सीजी सरकार हम लोगों की है,इसलिए यह स्वीकार है।

-रिटेंशन स्कीम पर विधायक ने प्रबंधन से कहा,एक भी परिवार यहां से नहीं हटेगा। बीएसपी से जो रिटायर्ड हैं, उनको मकान मिलना चाहिए। पुरानी दरों को लागू करेंगे तो समर्थन करेंगे। बढ़े हुए रेट को स्वीकार नहीं करेंगे।

-600 स्क्वायर फीट तक के आवास को लाइसेंस पर देने पर बीएसपी तैयार हो गया है। लेकिन, वर्तमान में जिस आवास में लोग रह रहे हैं, उसी को देने की मांग की गई है।

-शॉप के मुद्दे पर प्रबंधन ने बताया कि हमने सेल कारपोरेट आफिस को प्रस्ताव भेजा है। विधायक ने कहा,रजिस्ट्री पर जो बढ़ा पैसा मांगा जा रहा है, उसका विरोध होगा, आंदोलन होगा।

-न्यूनतम वेतन के मुद्दे पर ट्रेड यूनियन नेताओं के साथ बातचीत के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रबंधन को चेतावनी दी गई कि अगर, न्यूनतम वेतन नहीं देंगे तो मेन गेट पर अनशन होगा।

-सेक्टर 9, सेक्टर 7 आदि की बस्ती पर हुयी चर्चा में विधायक ने साफ कहा कि जब तक प्रधानमंत्री योजना के तहत मकान बनाकर नहीं दिया जाएगा, तब किसी को भी नहीं हटाया जाएगा।विधायक ने कहा-हाउस फॉर ऑल के लिए जमीन तय कीजिए। इससे पहले हम एक भी मकान नहीं हटने देंगे।

-बीएसपी के ठेकेदारों का भी मुद्दा उठा। बाहरी कंपनियों को काम दिया जा रहा है। स्थानीय को काम नहीं मिल पाता है। इस पर प्रबंधन ने एसोसिएशन के साथ बैठक करने की बात कही है।

-भिलाई के ठेका मजदूरों का मुद्दा भी चर्चा के दौरान उठा। स्थानीय छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए सेक्टर 5 में स्किल सेंटर खोला जाएगा। 100 प्रतिशत प्लेसमेंट प्लांट में होगा।

-टाउनशिप के सेक्टर एरिया के लिए जो प्लानिंग होगी, उसकी जानकारी बीएसपी सांसद, विधायक, प्रशासन के साथ साझा करेगी।

यूनियन नेताओं ने भी देवेंद्र यादव से अनशन समाप्त करने की अपील की थी।अपील करने वालों में सीटू यूनियन से डीवीएस रेड्‌डी, एसपी डे, सीटू इंटक ठेका यूनियन से संजय साहू, एससी-एसटी पीएसयू फेडरेशन से सुनील रामटेके, एचएमएस से हरिराम यादव, लोइमू से जय प्रकाश नायर, देवेंद्र सोनी, लीज आंदोलन समिति से बीएल वर्मा, योगेश कुमार सोनी, सुरेंद्र मोहंती, रिसाली निगम के सभापति केशव बंछोर आदि शामिल थे।उसके पश्चात् विधायक ने छोटी बच्ची के हाथों नारियल पानी पीकर अपना अनशन तोड़ा ।

चर्चा खत्म होने के विधायक देवेंद्र यादव ने एआईसी सी के वरिष्ठ नेताओं और पीसीसी के वरिष्ठ नेताओं से फोन पर बातचीत की। उनके मार्गदर्शन पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Dinesh Purwar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button