राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

फिरोजाबाद: होली पर हुड़दंगियों की निकली हेकड़ी, पुलिस ने थाने में बनाया ‘मुर्गा’

 फिरोजाबाद

फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र में होली के पर्व पर हुड़दंग मचाने वाले कुछ युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. नशे की हालत में शोर मचाने और राहगीरों के साथ बदसलूकी करने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इन युवकों को दबोचा. शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस इन आरोपियों को थाने ले आई. वहां पुलिसकर्मियों ने अनुशासन सिखाने के लिए हुड़दंगियों को परिसर में ही 'मुर्गा' बनने की सजा दी. इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

नशे में धुत होकर कर रहे थे अभद्रता
जानकारी के मुताबिक, होली के उल्लास के बीच कुछ युवक सड़क पर अराजकता फैला रहे थे. ये युवक न केवल तेज आवाज में चिल्ला रहे थे, बल्कि वहां से गुजरने वाले आम लोगों को भी परेशान कर रहे थे. स्थानीय निवासियों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी की. पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें सख्त चेतावनी दी कि त्योहार का अर्थ हुड़दंग या दूसरों को परेशान करना कतई नहीं है।

पुलिस की सजा और अधिकारियों का बयान
थाने में हुड़दंगियों की हेकड़ी निकालने के लिए उन्हें 'मुर्गा' बनाया गया. इस मामले पर फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) रवि शंकर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि होली के पावन पर्व पर किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम जनता बिना किसी डर के शांतिपूर्वक त्योहार मना सके।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

पुलिस की इस 'अनोखी' सजा का वीडियो इंटरनेट पर आते ही लोग दो गुटों में बंट गए हैं. बड़ी संख्या में लोग पुलिस की इस सख्ती की तारीफ कर रहे हैं और इसे अराजकता रोकने का सही तरीका बता रहे हैं. वहीं, कुछ लोग इसे मानवाधिकारों के उल्लंघन के तौर पर देख रहे हैं।

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button