बीएसपी प्रबंधन एवं एससी-एसटी एसोसिएशन के बीच त्रैमासिक बैठक हुई सम्पन्न

भिलाई-भिलाई इस्पात संयंत्र एससी-एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेल एस सी-एसटी फेडरेशन के उपाध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में बीएसपी प्रबंधन एवं एससी-एसटी एसोसिएशन के बीच त्रैमासिक बैठक 17.03.2026 को सम्पन्न हुई।बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने एससी-एसटी के सम्पर्क अधिकारी रोहित हरित को ज्ञापन सौंपा तथा प्रबंधन से आगामी 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब की भव्य जयंती मनाये जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
एसोसिएशन ने अपने कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न समस्याओं की ओर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अफसरों में असंतोष व्याप्त है कि उन्हें उचित ग्रेडिंग नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी पदोन्नति में बुरा असर पड़ रहा है। अतः प्रबंधन से मांग है कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अफसरों को उचित ग्रेडिंग दिया जाये एवं पर्याप्त संख्या में पदोन्नति प्रदान की जाये।
सेक्टर – 1 स्थित डॉ. अम्बेडकर पार्क का सौंदर्याकरण किया जाये। डॉ अम्बेडकर जयंती 14 अप्रैल 2026 के अवसर पर गरिमापूर्ण डॉ अम्बेडकर अवार्ड प्रदान की जाये। एसोसिएशन के पदाधिकारियों को जिन्हें अभी तक बीएसपी का सिम नहीं मिल सका है, उन्हें सिम प्रदान किया जाये। डॉ. आम्बेडकर जयंती 14 अप्रैल 2026 के पावन अवसर पर एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका नया सवेरा-2026 को प्रकाशित कराने की व्यवस्था की जाये। इसके अतिरिक्त कई अन्य मुद्दों पर बात रखी जैसे भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित सेक्टर-9 अस्पताल में अपने कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने हेतु अपग्रेड किया जाये एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सों, फार्मासिस्टों तथा अन्य स्टॉफ की भर्ती सुनिश्चित की जाये।
समय-समय पर महारत्न कम्पनी सेल में होने वाली विभिन्न भर्ती सम्बन्धी विज्ञापन की कापी एसोसिएशन को प्रदान की जाये। जिससे हमारे अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थियों को उचित मार्गदर्शन दिलाया जा सके। एसोसिएशन के सदस्यों की सदस्यता राशि उनके वेतन से काटने की व्यवस्था की जाये। डॉ आम्बेडकर प्रेरणा स्थल सेक्टर-6 के खेल परिसर में अनुचित स्थान पर स्थापित डॉ. आम्बेडकर जी की प्रतिमा को उचित स्थान पर स्थापित कर सौंदर्याकरण की जाये एवं प्रतिमा सहित प्रेरणा स्थल की सुरक्षा हेतु अतिशीघ्र सीसीटीवी कैमरा लगाया जाये।
एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार रात्रे ने कई महत्वपूर्ण परंतु बहुप्रतीक्षित मुद्दे जैसे भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने सेल फेडरेशन कार्यालय को संचालित करने हेतु सडक-8, सेक्टर-4 स्थित फेडरेशन भवन, फेडरेशन के पदाधिकारी को प्रदान किया था। श्री कोमल प्रसाद जी वर्तमान में सेल फेडरेशन के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। अतः फेडरेशन भवन को तत्काल मान्यता प्राप्त फेडरेशन के उपाध्यक्ष को सौंपा जाये। भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 में मान कार्यपालक निदेशक मानव संसाधनद्ध महोदय के कर कमलों से भारत रत्न डॉ आम्बेडकर की गरिमा एवं प्रतिष्ठा के अनुरूप चयनित स्थान में डॉ. आम्बेडकर पुस्तकालय एवं संग्रहालय निर्माण हेतु दिनांक 26.11.2025 को भूमि पूजन सम्पन्न हुआ था।
डॉ. आम्बेडकर पुस्तकालय एवं संग्रहालय का निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ की जाये। हमें अपने एसोसिएशन को संचालित करने में बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालय को संचालित करने हेतु एक नया कम्प्यूटर, प्रिंटर्स, स्केनर, प्राजेक्टर सहित इंटरनेट कनेक्शन प्रदान किया जाये। सतनाम भवन के समीप भव्य जैतखाम निर्माण की प्रक्रिया शुरू किया जाये। शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह जी की आदम कद प्रतिमा स्थापित की जाने की एसोसिएशन की मांग दोहराई।
त्रैमासिक बैठक में प्रबंधन की ओर से लाईजन अफसर रोहित हरित एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों में अध्यक्ष कोमल प्रसाद, उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, शशांक प्रसाद, महासचिव विजय कुमार रात्रे, संगठन सचिव परमेश्वर लाल, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, कार्यकारिणी सदस्य धरमपाल राम, जीतेन्द्र भारती, हेमन्त भुआर्य, और धनंजय मेश्राम उपस्थित थे।




