राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

भाजपा के स्थापना दिवस पर मध्य प्रदेश के 14 जिलों में पार्टी कार्यालय का वर्चुअल भूमिपूजन

 भोपाल
आज भाजपा का 47वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर मध्यप्रदेश के 17 जिलों में कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। भोपाल के प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेशभर में बूथ स्तर पर मनाया जा रहा है। पार्टी कार्यालयों तथा कार्यकर्ताओं के निवास पर पार्टी का झंडा फहराया गया, कार्यालयों की सजावट कर मिठाई बांटी जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल प्रदेश कार्यालय में सुबह ध्वजारोहण किया।

इसके बाद 14 जिलों में पार्टी के जिला कार्यालयों का भूमिपूजन एवं तीन जिलों में कार्यारंभ समारोह किया।कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आज भाजपा मजबूत संगठन बनकर उभरा है। हम 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साथ लेकर चलेंगे। अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे यही हमारा संकल्प है।

उन्होंने कहा अगले स्थापना दिवस 2027 को प्रदेश सभी 62 जिला कार्यालय का शिलान्यास होगा। वीडियो कांफ्रेंस रूम, पुस्तकालय कार्यालय होगा। अगले एक साल में सभी कार्यालय अत्याधुनिक होंगे। सुविधा सम्पन्न रहेंगे। सभी कार्यालय सोलर बिजली से रोशन होंगे। मोर्चा प्रभारी जिला जिला प्रभारी जिलों में नीचे तक जाए इसका रोडमेप बना रहे हैं। हमारा दल कार्यकर्ता सम्पन्न हो, अगले चुनाव तक हम नीचे तक मजबूत हो इस दिशा में काम करेंगे।

खंडेलवाल ने कहा कार्यकर्ता सद्भाव से रहे। ऐसा आचरण करे कि हमारा सम्मान रहे हमारी विचार धारा का सम्मान रहे। हमारे आग्रह पर भाजपा के स्थापना दिवस के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केरल दौरा निरस्त किया उनका आभार और अभिनंदन है। इस दौरान भाजपा के दिवंगत नेताओं के परिवारों का सम्मान किया गया। सीएम ने मंच से नीचे उतरकर विजेश लुणावत, गौरीशंकर जी, बसंत गुप्ता सहित अन्य दिवंगत नेताओं के परिवारों को सम्मानित किया।

सीएम बोले- हमने भाजपा को देखा, जिसकी विचारधार अमर हो गई
सीएम ने कहा- कौन सा फीनिक्स पक्षी है जो राख बनकर फिर जीवित हो जाता है, हमने वह पक्षी नहीं देखा, लेकिन हमने भाजपा को देखा है, जिसकी विचारधारा अटल और अमर हो गई है। हमारे नेताओं का चरित्र और दर्शन अद्भुत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व से भाजपा के हर कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन का दौर लंबे समय तक चला, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार ने अपने वादों को पूरा किया और 24 दलों के साथ सफलतापूर्वक शासन चलाया।

प्रदेश अध्यक्ष बोले- 62 जिलों में बीजेपी कार्यालय हो, हमारा लक्ष्य
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सहभागिता पर आधारित है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और अन्य नेताओं ने आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने मूल विचारों से कभी समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी 17 जिलों में कार्यालय निर्माण की शुरुआत कर रही है। लक्ष्य है कि अगले स्थापना दिवस से पहले प्रदेश के सभी 62 जिलों में भाजपा के अपने कार्यालय हों।

खंडेलवाल ने बताया कि प्रत्येक कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और पुस्तकालय की व्यवस्था होगी। यहां संगठन और पार्टी विचारधारा से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।

कार्यक्रम में दिवगंत नेताओं के परिजनों का हुआ सम्मान
भोपाल में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम-प्रदेशाध्यक्ष के अलावा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल समेत में भाजपा के पदाधिकारी, स्थानीय मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।

इस मौके पर बीजेपी नेताओं ने दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिजनों का सम्मान किया। पूर्व विधायक स्वर्गीय रमेश शर्मा के परिजनों का सम्मान करने के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं मंच से नीचे उतरकर उनके पास पहुंचे।

इसके बाद सीएम, प्रदेशाध्यक्ष का संबोधन हुआ फिर बीजेपी कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। एमपी के 17 जिलों में भाजपा के जिला कार्यालयों के लिए जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी थी। अब यहां जिला कार्यालयों का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हुआ है।

सभी बूथों पर बांटी जा रही मिठाई
कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। भाजपा के स्थापना दिवस पर पांच, छह एवं सात अप्रैल को प्रदेश कार्यालय सहित सभी मंडल, जिला कार्यालयों पर पुष्पमाला सजावट, दीपमालिका और रंगोली और विद्युत साज-सज्जा की गई। सभी बूथों पर पार्टी का झंडा फहराकर मिठाई बांटी जा रही है।

सात से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान
भाजपा सात से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान चलाएगी। इसके तहत पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिला पंचायत, जनपद पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, सभी पार्षद और पार्टी के सभी कार्यकर्ता अभियान में भाग लेंगे।

बता दें कि इन कार्यक्रमों में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क और उनका सम्मान, केंद्र सरकार एवं एनडीए शासित प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button