राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

पलामू सांसद ने सड़क कनेक्टिविटी पर उठाए मुद्दे, केंद्र से फोरलेन की मांग

पलामू

पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी उमाशंकर से मुलाकात की. इस उच्चस्तरीय बैठक में सांसद ने गढ़वा और पलामू जिलों के समग्र विकास, सड़कों की कनेक्टिविटी के विस्तार और निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों को जल्द पूर्ण करने पर विस्तृत चर्चा की गई. सांसद ने विशेष रूप से गढ़वा जिले की लाइफलाइन मानी जाने वाली सड़कों को फोरलेन में तब्दील करने और नई बाईपास परियोजनाओं के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने का अनुरोध किया.​

सांसद विष्णु दयाल राम ने सचिव के समक्ष गढ़वा की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए निम्नलिखित प्रस्ताव रखें:
​गढ़वा-रामानुजगंज फोरलेन:- एनएच-343 पर गढ़वा फोरलेन बाईपास से लेकर रामानुजगंज (छत्तीसगढ़ सीमा) तक लगभग 48 किमी सड़क को फोरलेन बनाने की मांग.

श्रीनगर-पडुका ब्रिज तक फोरलेन:- गढ़वा मझिआंव मोड़ से कांडी प्रखंड के श्रीनगर-पडुका पुल (बिहार सीमा) तक 40 किमी लंबी सड़क का फोरलेन निर्माण.

शहर को जाम से मुक्ति:- प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर और गढ़वा के बीच यात्रा समय कम करने और शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए उत्तरी परिहार मार्ग निर्माण का प्रस्ताव. यह बाईपास सुआ, कौड़िया और रांकी होते हुए महुगांवा से जुड़ेगा, जिससे गढ़वा आने-जाने वाले वाहनों को शहर के जाम से राहत मिलेगी.

प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना में शामिल सड़क परियोजना

सांसद ने बताया कि एनएच-139 (छतरपुर बाईपास) से जपला और देवरी कला (हुसैनाबाद) होते हुए बिहार के देवीपुर को जोड़ने वाली परियोजना को पीएम गति शक्ति योजना में शामिल किया जा चुका है. इसमें सोन नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो झारखंड और बिहार के बीच व्यापारिक और सामाजिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगा.

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button