
भिलाईनगर- नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा नागरिकों की सुविधा एवं शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से एक नई पहल की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत शहर के प्रमुख एवं व्यस्त चौक-चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था विकसित की जा रही है, ताकि वाहन चालकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और यातायात का दबाव कम किया जा सके।
नगर निगम द्वारा चंद्रा मौर्या चौक, घड़ी चौक, नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल चौक सहित अन्य ऐसे प्रमुख स्थलों को चिन्हित कर स्वीकृत किया गया है, जहां दिनभर वाहनों का अधिक आवागमन एवं यातायात का दबाव रहता है। इन स्थानों पर नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत लेफ्ट फ्री हेतु कार्यवाही की जा रही है। जिससे वाहन चालकों को बाएं मुड़ने के लिए अनावश्यक रूप से सिग्नल या चौराहे पर रुकना न पड़े और यातायात का प्रवाह लगातार बना रहे। लेफ्ट फ्री व्यवस्था से चौराहों पर वाहनों के अनावश्यक रुकने एवं जाम की स्थिति को कम करने में मदद मिलेगी।
साथ ही वाहनों के बार-बार रुकने और चालू होने से होने वाली अतिरिक्त ईंधन खपत में भी कमी आएगी। यातायात के सुचारू संचालन से वाहन चालकों का समय बचने के साथ ही चौराहों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में भी सहायता मिलेगी। लेफ्ट फ्री निर्माण से वायु गुणवत्ता में सुधार कर प्रदूषण में कमी आएगी ।प्रमुख चौक-चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था विकसित होने से आम नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।




