राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

अब भारत बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है : राजनाथ सिंह

लखीमपुर खीरी

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लखीमपुर खीरी में भाजपा प्रत्याशी अजय मिश्र टेनी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। उन्होंने कहा कि सरकार में आने के बाद भाजपा ने अपना हर वायदे को पूरा किया है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत का कद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। अब भारत कुछ बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। कांग्रेस की सरकार में आये दिन किसी न किसी राज्य में आतंकी वारदातें होती थीं। आज कहीं पर भी आतंकवादियों को आतंकी हरकत करने की हिम्मत नहीं करते। जिस शक्ति से भारत सरकार ने आतंकवाद का सफाया किया है उसकी सराहना आज दुनियाभर में हो रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्पों को पूरा किया है। अयोध्या में श्री राम मंदिर बनवाने के साथ ही कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कराया। इसके साथ ही तीन तलाक कानून को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं एवं परिवारों को न्याय दिलाया।

रक्षामंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने कहा कि हमें जिताओ हम गरीबी मिटा देंगे, लेकिन हिन्दुस्थान की गरीबी बढ़ती चली गयी। उन्होंने बताया कि मोदी की सरकार में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया।

उन्होंने कहा कि हम सबको सतर्क रहने की जरूरत है। हमारी सनातन संस्कृति को कांग्रेस खत्म करना चाहती है। करतारपुर साहब हो या अन्य धार्मिक स्थलों को पुनरूद्धार करने का कार्य भाजपा ने किया है। भाजपा ऐसी पार्टी है वह जो कहती है वह करती है। हम लोगों ने कहा था जिस दिन संसद में हमें बहुमत मिलेगा अयोध्या में राम मंदिर बनायेंगे। आज रामलला अपनी कुटिया से निकलकर भव्य महल में विराजमान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में रामराज्य का आगाज हो चुका है।

रक्षामंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हिन्दू मुस्लिम कर रही है। अरब देशों के पांच मुस्लिम देशों ने नरेन्द्र मोदी को सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक हुई है। जब से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बने हैं, प्रदेश का मान—सम्मान व गौरव बढ़ा है। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय मिश्र टेनी, विधायक लोकेन्द्र सिंह, एमएलसी अविनाश सिंह पटेल और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा उपस्थित रहे।

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button