राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

आशिक संग मिलकर करवाई पति की हत्या, पत्नी व प्रेमी सहित तीन गिरफ्तार

रांची

 झारखंड की राजधानी रांची में एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी सहित तीन व्यक्तियों को महिला के पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। रमेश उरांव की 19 मई को कांके थाना क्षेत्र स्थित उनके घर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी।

4 मोबाइल फोन, कार और चाकू भी जब्त
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंदन कुमार सिन्हा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘उरांव की पत्नी तनु लकड़ा, उसके कथित प्रेमी शाहिद अंसारी और उसके सहयोगी सतीश बैठा को हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।'' पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, एक कार और एक चाकू भी जब्त कर लिया है। सिन्हा ने कहा कि लकड़ा का अंसारी के साथ विवाहेतर संबंध था और अपने पति से छुटकारा पाने के लिए उसने एक साजिश रची, जिसमें सतीश बैठा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

तनु ने अंसारी को दी थीं घर की चाबियां
एसएसपी ने कहा, ‘‘तनु ने अंसारी को घर की चाबियां मुहैया कराई थीं, जिसने 19 मई को सुबह करीब 4.45 बजे घर में घुसते ही रमेश की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।'' उन्होंने बताया कि अंसारी, रमेश उरांव का पूर्व व्यापारिक साझेदार था और जमीन के लेनदेन में शामिल था। समय के साथ, उसने रमेश की पत्नी के साथ अवैध संबंध बना लिए। उन्होंने कहा, ‘‘रमेश को दोनों के रिश्ते के बारे में पता चल गया और तनु ने उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस के पास तीनों की संलिप्तता के पर्याप्त सबूत हैं।''

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button