राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

किसानों की आर्थिक सशक्तता का आधार बनी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना : मंत्री वर्मा

भोपाल 

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से लाखों किसान परिवारों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इन योजनाओं से पात्र किसान परिवारों को वर्ष में कुल 12 हजार रुपये की राशि 6 समान किस्तों में उपलब्ध कराई जा रही है।

राजस्व मंत्री  वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित योजना है, जो फरवरी 2019 से प्रदेश में लागू है। योजना में पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि तीन समान किस्तों में सीधे उनके आधार लिंक बैंक खातों में अंतरित की जाती है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए हितग्राहियों को पीएम किसान पोर्टल पर पंजीयन करना आवश्यक है। वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 84 लाख से अधिक किसान हितग्राहियों को 3 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना भी संचालित की जा रही है। इस योजना में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हितग्राहियों को ही प्रतिवर्ष अतिरिक्त 6 हजार रुपये की राशि तीन किस्तों में प्रदान की जाती है।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में भी हितग्राहियों के सत्यापन उपरांत राशि सीधे आधार लिंक बैंक खातों में अंतरित की जाती है। योजना का संचालन पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में इस योजना में भी 84 लाख से अधिक हितग्राहियों को 3 हजार 350 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि दोनों योजनाओं के माध्यम से वर्ष 2025-26 में किसान परिवारों को 6 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। राज्य शासन का उद्देश्य इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि करना, उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और कृषि क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button