मुजफ्फरनगर जैसा दंगा शहर-शहर करवाना चाहते हैं?’ आजम खान के मुद्दे पर अखिलेश से भिड़े राजभर

लखनऊ
समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा को लेकर सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव पर कानून-व्यवस्था, पिछड़ों और बहुजन समाज के साथ-साथ आजम खान को लेकर उनकी राजनीति पर कई गंभीर सवाल खड़े किए। राजभर ने यहां तक कहा कि अगर अखिलेश यादव में दम है तो वह सोशल मीडिया पर एक बार साफ-साफ ऐलान कर दें कि आजम खान को गृह मंत्री नहीं बनाएंगे।
राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को सीधे संबोधित करते हुए की। उन्होंने लिखा, 'ए अखिलेश बाबू! एक कहावत है न कि ‘गांव बसा नहीं, लुटेरे पहले आ गये’।' राजभर ने कहा कि आजम खान को सपा सरकार में गृह मंत्री बनाने की बात क्या सामने आई, उनका “PDA यानी ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग” जोश में आ गया।
उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल करते हुए लखनऊ के पारा इलाके की घटना का भी जिक्र किया। राजभर ने लिखा, 'लखनऊ के पारा इलाके का मामला पता है न?' इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के लोगों के चक्कर में उनके 'इमरान एंड फ्रेंड्स' ने पुलिस के इकबाल को चुनौती दे दी है। राजभर ने इस घटना को सपा की राजनीति और कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए अखिलेश पर हमला किया।
मुजफ्फरनगर जैसे दंगे के आरोप से घेरा
ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव पर सबसे तीखा हमला आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा को लेकर किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव आजम खान को गृह मंत्री बनाकर 'मुजफ्फरनगर जैसा दंगा यूपी के शहर-शहर में शुरू करवाना चाहते हैं?'
राजभर ने आगे लिखा कि क्या यही अखिलेश यादव का सपना है? उन्होंने अखिलेश पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी ख्वाहिश है कि 'चौराहे-चौराहे खाकी की गिरेबान खींची जाए।' राजभर ने दावा किया कि सपा सत्ता से बाहर होने के कारण इस तरह की राजनीति को लेकर बेचैन है और आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में इस तरह की घटनाएं होती रही हैं।
रामपुरी चाकू का डर दिखाकर गैर यादव पिछड़ों और बहुजनों को पिटवाएंगे
राजभर ने अखिलेश यादव की सत्ता में वापसी की कोशिशों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सत्ता के लिए इसलिए छटपटा रहे हैं ताकि 'रामपुरी चाकू' का डर दिखाकर गैर-यादव पिछड़ों और बहुजनों को गांव-गांव में पिटवाया जा सके।
अपने पोस्ट में राजभर ने जमीन-जायदाद पर कब्जे और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि सत्ता में आने के बाद 'जर-जोरू-जमीन पर कब्जा' कराया जाएगा और गली-गली में बहन-बेटियों की इज्जत लूटी जाएगी। राजभर ने इन आरोपों को सपा की पुरानी राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि यही सब तो आप लोगों ने हमेशा से किया है।
इस जन्म में सत्ता का सपना छोड़ दीजिए
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह इस जन्म में सत्ता का सपना छोड़ दें और अगली पैदाइश में आजम खान को गृहमंत्री बनाने पर मेहनत करें।
इसके बाद राजभर ने आजम खान के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने लिखा कि जो आजम खान अखिलेश यादव के मंच से और उनकी मौजूदगी में 'परम आदरणीय भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर' को भू-माफिया बता सकते हैं, उन्हें अखिलेश यादव गृह मंत्री बनाने का सपना देख रहे हैं।
राजभर ने सवाल उठाया कि अगर ऐसे व्यक्ति को गृह मंत्री बनाया गया तो वह गैर-यादव पिछड़ों और बहुजन समाज के खिलाफ क्या करेगा, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान के गृह मंत्री बनने पर बहुत षड्यंत्र और पाप किए जाएंगे और बहुजन समाज के खिलाफ जुल्म ढाए जाएंगे।
समूचा बहुजन समाज डरा हुआ है
राजभर ने अपने पोस्ट में यह भी दावा किया कि आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने के सपने के ऐलान के बाद समूचा बहुजन समाज डरा हुआ है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि फिलहाल उन्हें बहुजन समाज को डराने में ही मजा आता है।
अखिलेश को सीधी चुनौती
पोस्ट के आखिर में ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी। उन्होंने लिखा कि अगर अखिलेश यादव में दम है तो 'बस एक बार ट्विटर, AC-PC से ही घोषणा कर दीजिए कि आजम खान को गृहमंत्री नहीं बनाएंगे।' राजभर ने इसके साथ सीधा सवाल किया- 'कर पाएंगे ऐसा? है दम?'




