छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी द्वारा ग्राम बोड़ेगांव में स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया एक दिवसीय शिविर का आयोजन

'स्वच्छता से सेवा' और 'स्वच्छ पाठशाला' अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

भिलाई-स्थानीय श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के प्रबंधन विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘स्वच्छता से सेवा’ और ‘स्वच्छ पाठशाला’ अभियान के अंतर्गत ग्राम बोडेगांव में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने तथा ग्रामीण समुदाय के साथ संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इसके साथ ही विद्यालयीन बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, खेलकूद स्पर्धाओं एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्रामीण क्षेत्र में जनजागरूकता का प्रसार किया।

विश्वविद्यालय द्वारा अपनी विस्तार गतिविधियों के अंतर्गत ‘गांव चले युवा’ पहल को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण परिवेश से जोड़ना, समाज की आवश्यकताओं को समझने का अवसर प्रदान करना तथा शिक्षा को सामाजिक सेवा एवं सामुदायिक विकास से जोड़ना है।

विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने शिविर के लिए विद्यार्थियों को रवाना करते हुए उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, ऊर्जा और रचनात्मकता का उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को सामाजिक वास्तविकताओं से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें सेवा और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करती हैं।

शिविर का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह एवं प्रबंधन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सोनी के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में प्राध्यापक श्वेता साजी एवं रेशु चौरसिया ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Dinesh Purwar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button