श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में ‘बायोइनोवेट-2026’ का हुआ आयोजन
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय ज्ञान परंपरा और विज्ञान के समन्वय को दर्शाया

भिलाई- श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में ‘बायोइनोवेट-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय ज्ञान परंपरा, दैनिक जीवन में जैव रसायन के उपयोग तथा कोशिका संरचना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति, जीवन और स्वास्थ्य से संबंधित अनेक वैज्ञानिक अवधारणाएं समाहित हैं। आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ पारंपरिक ज्ञान का अध्ययन एवं विश्लेषण नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने, नए विचारों को प्रोत्साहित करने तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज के हित में करने के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. शेफाली माथुर ने बताया कि बायोइनोवेट-2026′ विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक समझ, विषयगत ज्ञान और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान करता है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनमें प्रस्तुतीकरण कौशल, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करती हैं।
पोस्टर प्रतियोगिता में बी. एससी. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कु. रोशनी केवलानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी प्रस्तुति को सराहना मिली।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वैभव तिवारी, डायरेक्टर विकास डॉ. सुशील चंद्र तिवारी तथा डीन डॉ. प्राची नीमजे सहित विभाग के प्राध्यापकगण एवं बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को विज्ञान, भारतीय ज्ञान परंपरा और नवाचार के बीच संबंधों को समझने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।




