राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

इंदौर के कुमेड़ी ISBT से 28 अक्टूबर से चलेंगी बसें, रिंग रोड का उपयोग नहीं कर सकेंगी

 इंदौर 
 लंबे इंतजार के बाद कुमेडी आइएसबीटी से बसों का संचालन 28 अक्टूबर से शुरू होगा। यहां से उज्जैन होकर राजस्थान, गुजरात और दिल्ली रूट पर जाने वाली अंतरराज्यीय बसों का संचालन होगा। आईएसबीटी पहुंचने के लिए यह बसें रिंग रोड का उपयोग नहीं कर सकेंगी।

बसों को तीन इमली से बायपास होकर रेडिसन चौराहा होते हुए कुमेड़ी आईएसबीटी पहुंचना होगा। बस स्टैंड से सवारी बैठाने के बाद बसें अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकेंगी। कुमेड़ी आईएसबीटी से बसों के संचालन की सहमति बनने के बाद आरटीओ कार्यालय में बस संचालकों के साथ आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बैठक की। इसमें राजस्थान, गुजरात और दिल्ली रूट के बस संचालक मौजूद रहे।

आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि बस संचालकों के साथ बैठक कर 28 अक्टूबर से बसों का संचालन कुमेडी होकर करने को लेकर चर्चा की गई। बस संचालकों ने आश्वस्त किया है कि उज्जैन रोड होकर जाने वाली राजस्थान रूट की बसों का संचालन आईएसबीटी होकर करेंगे। यहां से बसों का संचालन शुरू होने से क्षेत्र की जनता को सुविधा होगी।

लंबा चक्कर लगाकर पहुंचना होगा
राजस्थान जाने वाली अंतरराज्यीय बसों को तीन इमली चौराहा से बायपास होकर रेडिसन चौराहा होते हुए जाना होगा। अभी बसें बायपास से स्टार चौराहा तक ही जाती हैं। अब राजस्थान रूट पर जाने वाली बसों को रेडिसन चौराहा तक जाने की अनुमति मिलेगी। हालांकि यहां से बसें विजय नगर होकर पहुंचेंगी या देवास नाका होकर जाना होगा, इसको लेकर संशय है। हालांकि एक दिन पहले हुई बैठक में यातायात पुलिस ने विजय नगर होकर जाने की स्वीकृति दी है।

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button