राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत ने ‘हूल विद्रोह’ का किया एलान, भाजपा पर साजिश रचने का आरोप

साहिबगंज/झारखंड.

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सामंती ताकतों से लड़ने के लिए विद्रोह करना जरूरी है। उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन- INDIA की ताकत पर भरोसा करने की अपील की और कहा कि विपक्ष भाजपा को पूरे देश से उखाड़ फेंकेगा। हाल ही में जमानत पर रिहा हुए झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने 'सामंती ताकतों' के खिलाफ 'विद्रोह' का एलान किया है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन- INDIA देश भर से भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगा। हूल दिवस के मौके पर झारखंड के साहिबगंज में रैली को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा, उनकी रिहाई के बाद भाजपा के खेमे में घबराहट है। भाजपा नेता एक बार फिर उनके खिलाफ 'साजिश' कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिहाई के बाद पहली बार वे अपने घर से बाहर निकले हैं। यह सभी के लिए प्रेरणा का दिन है।

सामंती ताकतों को खदेड़ने के लिए 'हूल विद्रोह'
हेमंत ने दशकों पहले ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संथाल विद्रोह का जिक्र करते हुए कहा, अंग्रेजों के खिलाफ जैसा विद्रोह हुआ, उसी तर्ज पर हम न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश से सामंती ताकतों को खदेड़ने के लिए 'हूल विद्रोह' की घोषणा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन अंग्रेजों के खिलाफ 1855 के संथाल विद्रोह का प्रतीक है।

झूठे मामलों में फंसाने का दावा –
उन्होंने कहा कि मुझे झूठे मामलों में फंसाया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसियों को उनके खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है, जो सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेता आए दिन झारखंड आ रहे हैं और मेरे खिलाफ साजिश कर रहे हैं। हेमंत सोरेन ने कहा, झारखंड क्रांतिकारियों की जमीन के रूप में जाना जाता है। हम जेल, लाठी या फांसी से नहीं डरते।

करीब पांच महीने बाद रिहाई हुई
बता दें कि पूर्व सीएम हेमंत शुक्रवार को राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा जेल से रिहा हुए थे। झारखंड हाईकोर्ट ने धनशोधन के एक मामले में उन्हें जमानत दी है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत को 31 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में हेमंत व अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच कर रही है।

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button