छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

रानी अवंती बाई सरोवर को भू-माफियाओं से बचाने विधायक रिकेश ने संभाला मोर्चा, निगम कमिश्नर को कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखने के निर्देश

सरोवर की पाल और तट की जमीन पर बिल्डर की नजर, विधायक बोले- 'धरोहर का कंक्रीटकरण बर्दाश्त नहीं'

भिलाई नगर-वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भिलाई की ऐतिहासिक धरोहर और जल स्रोत ‘रानी अवंती बाई सरोवर’ कोहका, जुनवानी रोड को भू-माफियाओं के चंगुल से बचाने के लिए निर्णायक मुहिम शुरू कर दी है।सरोवर के अस्तित्व पर मंडराते खतरे को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय प्रशासनिक जांच की मांग की है।

​न्यायालय में मजबूती से पक्ष रखेगा निगम, वरिष्ठ वकीलों का बनेगा पैनल

​सरोवर की जमीन को लेकर चल रहे अदालती दांवपेच के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार सरोवर के लिए जमीन तो दान दी जा चुकी है लेकिन अब बिल्डर द्वारा सरोवर के तट और पाल (मेढ़) की जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया है।

​विधायक रिकेश सेन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए भिलाई नगर निगम कमिश्नर को तलब किया और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनभावनाओं और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए निगम प्रशासन उच्च न्यायालय में अपना पक्ष मजबूती से रखे। इसके लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं का एक विशेष पैनल तैयार करने को कहा गया है ताकि सरोवर की एक इंच जमीन भी किसी निजी व्यक्ति या बिल्डर के कब्जे में न जा सके।

​भू-माफियाओं के ‘निजी जमीन’ के खेल पर प्रहार

​विधायक श्री सेन ने कहा कि अक्सर ऐतिहासिक तालाबों को ‘निजबारी’ या ‘निजी जमीन’ घोषित करा कर उनका अस्तित्व मिटाने का खेल खेला जाता है। कोहका के इस सरोवर के साथ भी ऐसा ही प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई सरोवर कोहका के बुजुर्गों की परंपरा और स्थानीय निवासियों की जीवनरेखा है। इसे कंक्रीट के जंगल में तब्दील करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड की सूक्ष्म जांच और सीमांकन की मांग दोहराई है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।​विधायक की इस तत्परता ने भू-माफियाओं के खिलाफ क्षेत्र में एक नई उम्मीद जगाई है। स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों ने सरोवर संरक्षण के लिए रिकेश सेन की इस पहल का पुरजोर समर्थन किया है।

Dinesh Purwar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button