छत्तीसगढ़रायपुर

अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन सख्त,विधायक रिकेश ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

​भिलाई नगर- वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और भूमाफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में हाल ही में विधायक रिकेश सेन की मौजूदगी में कलेक्टर, निगम कमिश्नर भिलाई तथा अन्य अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

​बैठक में अधिकारियों ने हाल ही में की गई प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कई अवैध प्लाटिंग स्थलों को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है। प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलता रहेगा।

​समीक्षा बैठक में यह चिंताजनक बात सामने आई कि प्रशासन की कड़ी कार्रवाई के बावजूद भूमाफिया अब भी सक्रिय हैं। वे आम जनता को कम कीमत और सस्ती दरों का लालच देकर बिना वैध अनुमति वाले प्लाट बेच रहे हैं। सीधे-सादे लोग उनके इस जाल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं।

​इस स्थिति को देखते हुए विधायक रिकेश सेन ने आम नागरिकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि केवल सस्ती दरों के कारण किसी भी प्लाट को खरीदने का फैसला न करें। जमीन या प्लाट खरीदने से पहले टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, नगर निगम तथा अन्य संबंधित सरकारी विभागों से उसकी वैधानिक स्थिति और एप्रूवल की जांच अवश्य करें।

​विधायक ने आगाह किया कि अवैध प्लाटिंग में खरीदी गई जमीन पर भविष्य में मकान निर्माण के दौरान गंभीर परेशानियां सामने आती हैं।उन्होंने बताया इन जमीनों का नगर निगम से मकान का नक्शा पास नहीं होता, बिजली-पानी का कनेक्शन मिलने में भारी समस्या आती है। साथ ही सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं कभी विकसित नहीं हो पातीं।

उन्होंने कहा इन जमीनों पर हमेशा कानूनी विवाद, अवैध कब्जे की समस्या और रजिस्ट्री संबंधी अड़चनें बनी रहती हैं। इसके अलावा प्रशासन द्वारा कभी भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा सकती है।विधायक सेन ने लोगों से जागरूक रहने और किसी भी जमीन की खरीदी से पहले उसके सभी दस्तावेज़ों की पूरी जांच करने की अपील की है, ताकि भविष्य में होने वाले आर्थिक नुकसान और मानसिक प्रताड़ना से बचा जा सके।

वहीं प्रशासन ने भी दोटूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि अवैध प्लाटिंग करने वालों और भूमाफियाओं के खिलाफ आगे भी बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Dinesh Purwar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button