श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने स्वच्छता अभियान में दिया योगदान

भिलाई-स्वच्छता से सेवा अभियान के अंतर्गत श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया।इसके प्रारंभ में मानव सेवा तालाब परिसर में श्रमदानकिया।भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में संचालित “स्वच्छता से सेवा अभियान” के अंतर्गत श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा मानव सेवा तालाब के आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों ने श्रमदान कर तालाब परिसर की सफाई की तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आई. पी. मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी तभी सार्थक होगी, जब वे समाज में स्वच्छता, अनुशासन और सेवा भाव को अपने आचरण का हिस्सा बनाएंगे। एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।”
शिक्षण समिति की अध्यक्ष डॉ. जया मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ना विश्वविद्यालय का दायित्व है। ऐसे अभियान युवाओं में सेवा, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।”
कुलपति डॉ. संदीप श्रीवास्तव ने कहा,”राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा समाज के प्रति संवेदनशीलता का विकास करते हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।”
कुलसचिव डॉ. स्मिता सेलेट ने स्वयं सेवकों को आव्हान करते हुए कहा कि “स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ जीवन का आधार हैं। विश्वविद्यालय निरंतर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्वों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।”
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि,
“स्वच्छता से सेवा अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता, जनजागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज सेवा से जोड़ते हुए स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।”
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने मानव सेवा तालाब परिसर से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा सभी ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया। अभियान में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




