राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

अग्निवीर भर्ती में 41 हजार में से 11,774 अभ्यर्थी सफल, अब सागर में होगी फिजिकल परीक्षा

ग्वालियर
 भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए जून में आयोजित की गई लिखित परीक्षा का परिणाम सोमवार को जारी हो गया। ग्वालियर और सागर के चार परीक्षा केंद्रों पर 41 हजार 303 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 11 हजार 774 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं शारीरिक परीक्षा सागर में ही होगी। सागर में प्रशासन द्वारा अनुमति दे दी गई है। अक्टूबर में शारीरिक परीक्षा संभावित है। अभी तारीख घोषित नहीं की गई है।

अग्निवीर भर्ती के लिए इस बार रिकार्ड संख्या में आवेदन हुए थे। इस बार 48 हजार 88 अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया था। इसमें ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़, सागर, निवाड़ी, छतरपुर के अभ्यर्थी शामिल थे। एक से 12 जून के बीच ग्वालियर और सागर में दो-दो परीक्षा केंद्रों पर आनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 41 हजार 303 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसमें से 11 हजार 774 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इन सभी को शारीरिक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। प्रवेश-पत्र आगामी एक माह में जारी होंगे। अभी शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल भी बनाया जाएगा। इसके बाद ही प्रवेश पत्र दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को ई-मेल के जरिये प्रवेश पत्र भेजे जाएंगे। परीक्षा परिणाम सेना की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है।

ग्वालियर में नहीं मिली अनुमति, सागर मैदान तय
इस बार भी सेना के अधिकारियों द्वारा ग्वालियर में शारीरिक परीक्षा कराने के लिए पत्र लिखा था। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब सागर के इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कालेज के मैदान को चिह्नित कर लिया गया है। यहां के लिए अनुमति मांगी गई थी। सागर में अनुमति मिल गई है। अब इसी हिसाब से शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल जारी किए जाएगा।

रेलवे को पत्र लिखेंगे, सबसे ज्यादा भिंड-मुरैना के अभ्यर्थी
रेलवे को ग्वालियर से स्पेशल ट्रेन चलाये जाने के लिए पत्र लिखा जाएगा। इसकी वजह है- भिंड, मुरैना, ग्वालियर और शिवपुरी के सबसे ज्यादा अभ्यर्थी हैं। सागर तक सभी ट्रेन नहीं जाती। इसलिए स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए पत्राचार किया जाएगा।

धर्मगुरु और महिला अग्निवीर की परीक्षा भी सागर में: अक्टूबर में ही धर्मगुरु और महिला अग्निवीर के लिए शारीरिक परीक्षा सागर में होगी। मप्र और छत्तीसगढ के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है। वेबसाइट से अभ्यर्थी परिणाम देख सकते हैं अक्टूबर में सागर में शारीरिक परीक्षा होगी। – कर्नल पंकज कुमार, निदेशक सेना भर्ती कार्यालय।

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button