
जामुल- वार्ड क्रमांक 14 में ओवरहेड टैंक की मुख्य पाइपलाइन फट जाने से पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। समस्या की जानकारी वार्ड पार्षद एवं स्थानीय नागरिकों ने तत्काल नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर को दी।सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को पाइपलाइन की मरम्मत कार्य तत्काल प्रारंभ कर जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा समस्या के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों को मरम्मत कार्य की सतत निगरानी करने एवं जलापूर्ति शीघ्र सामान्य करने के निर्देश दिए, ताकि वार्डवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




