राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

ई-ऑटो में शराब तस्करी का खुलासा, 8 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

इलेक्ट्रिक ऑटो से कर रहा था शराब तस्करी, कोतवाली पुलिस ने दबोचा, तस्कर से पकड़ा गया शराब का जखीरा, 8 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, एक गिरफ्तार, सप्लायर फरार

कटनी
 जिले में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इलेक्ट्रिक ऑटो से 8 पेटी (72 लीटर) गोवा अंग्रेजी शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई 23-24 जुलाई की दरमियानी रात की गई। मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक-5 स्थित लाल ग्राउंड के पास घेराबंदी कर एक इलेक्ट्रिक ऑटो को रोका गया। तलाशी के दौरान ऑटो से 180 एमएल के 400 पाव (कुल 72 लीटर) गोवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब तस्करी के मामले में पकड़े गए ऑटो चालक ने अपना नाम आदित्य उर्फ प्रियांशु गुप्ता (23 वर्ष), निवासी डॉ. भीमराव चौक, थाना रंगनाथनगर, कटनी बताया। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शराब और परिवहन में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो (MP-21-ZD-0961) भी जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने मेमोरेण्डम में बताया कि बरामद शराब उसके परिचित लकी गुप्ता ने ऑटो में रखवाकर परिवहन के लिए भेजी थी। आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लकी गुप्ता को भी मामले में नामजद आरोपी बनाया है। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश जारी है।
थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की विवेचना की जा रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. विरेन्द्र तिवारी आर. अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश चंद, अजीत सिंह, रोहित राठौर एवं चालक विकास राय के द्वारा अंजाम दी गई।

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button