जिलेवार ख़बरें

CG News: ₹22 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी अब भी फरार, अग्रिम जमानत नहीं मिलने के बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर

मुंगेली.

जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दर्ज 22 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतकर्ता हर्ष पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

उनका आरोप है कि न्यायालय द्वारा आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जो चिंता का विषय है। जानकारी के अनुसार, थाना जरहागांव में शारदा प्रसाद पाठक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 296 एवं 351(3) के तहत 22 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी से संबंधित अपराध दर्ज है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए माननीय प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, मुंगेली की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 25 जुलाई 2026 को न्यायालय ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी। इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़, गवाहों को प्रभावित करने और जांच प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेश के बाद भी कार्रवाई में देरी न्यायिक प्रक्रिया की भावना के अनुरूप नहीं है।

हर्ष पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही गिरफ्तारी में हो रही कथित देरी की जांच कर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि यदि आरोपी जानबूझकर गिरफ्तारी से बच रहा है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार आवश्यक कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रकरण की निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना सुनिश्चित करते हुए की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए।

थाना प्रभारी बोलीं- पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाना उचित नहीं
मामले में थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना विधि अनुसार जारी है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपना कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाना उचित नहीं है। आरोपी के मिलते ही नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, शिकायतकर्ता जहां आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। ऐसे में अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button