राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

राज्यमंत्री पंवार ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत खनोटा, कानेड़ एवं गोलाखेड़ा में किया जनसंवाद

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आज से प्रारंभ हुए ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के अंतर्गत ब्यावरा विधानसभा के ग्राम पंचायत खनोटा, कानेड़ एवं गोलाखेड़ा पहुंचकर मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने ग्रामीणजनों से आत्मीय जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना और उनके समुचित एवं त्वरित निराकरण के लिए उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए साथ ही ग्राम पंचायत खनोटा, कानेड़ एवं गोलाखेड़ा में लगभग 1 करोड़ 13 लाख रूपये की लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया।

राज्यमंत्री  पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ केवल जनसंवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और शासन को गांव की चौखट तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्‍होंने कहा कि पूरा प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुन रहा है और उनके निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों द्वारा बताई जाने वाली प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लिया जाए और हर समस्या का समुचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, विकास कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें—इसी भावना के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

राज्‍यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा बह रही है। गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई दिशा मिली है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचे और गांवों में रहने वाले प्रत्येक परिवार को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

नदी जोड़ो अभियान से ब्यावरा को भी मिलेगा लाभ

राज्‍यमंत्री पंवार ने कहा कि नदी जोड़ो अभियान प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश के जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मध्यप्रदेश सहित हमारा ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र भी लाभान्वित होगा। जल संरक्षण, सिंचाई एवं पेयजल की उपलब्धता बढ़ने से किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि जल की उपलब्धता किसी भी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की आधारशिला है। सरकार सिंचाई और पेयजल की स्थायी व्यवस्था के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सड़कों से जुड़ रहे गांव, बढ़ रहे विकास के अवसर

राज्‍यमंत्री  पंवार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। आज केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे, इस दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब गांव सड़क से जुड़ता है तो केवल आवागमन आसान नहीं होता, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और कृषि के नए अवसर भी गांव तक पहुंचते हैं। ब्यावरा विधानसभा में भी सड़क, सिंचाई, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं, जो क्षेत्र के विकास को नए आयाम प्रदान कर रहे हैं।

मंत्री पंवार ने कहा कि हमारी सरकार ने बीते समय में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं और आने वाले समय में भी ब्यावरा विधानसभा के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन गांव में पहुंचें, जनता की बात सुनें और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के माध्यम से सरकार और जनता के बीच संवाद और विश्वास का रिश्ता और मजबूत होगा। जनता की समस्याओं का समाधान ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button