राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, मेजर ध्यानचंद को अर्पित की गयी श्रद्धांजलि

भिलाई- श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय खेल दिवस एवं महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ स्मिता सेलट ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए खेलों को शिक्षा के साथ जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. दिनेश नामदेव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से किसी न किसी खेल से जुड़ने का आह्वान किया तथा मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
विश्वविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी युवराज राउत ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनके खेल कौशल और भारतीय हॉकी में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, खेल विभाग एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।




