आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय का प्रभावी प्रबंधन सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं-विकास नशीने
श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में "आत्मप्रेरणा की शक्ति और लक्ष्य प्राप्ति"विषय पर सेमिनार का हुआ आयोजन

भिलाई- श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, के प्रबंधन और वाणिज्य विभाग केतत्वावधान में ” आत्मप्रेरणा की शक्ति और लक्ष्य प्राप्ति”विषय पर प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ स्मिता सेलट के मार्गनिर्देशन में आयोजित महत्वपूर्ण व्याख्यानों की श्रृंखला में प्रबंधन और वाणिज्य के विधार्थियों हेतु इस
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस इकाई के महाप्रबंधक विकास नशीने ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के साथ-साथ उसे प्राप्त करने की दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्म प्रेरणा का महत्व समझाते हुए कहा कि बाहरी परिस्थितियां हमेशा अनुकूल नहीं होतीं, इसलिए व्यक्ति को अपने भीतर से प्रेरणा प्राप्त कर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्यों को छोटे-छोटे कार्यों में विभाजित कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने से लक्ष्य को हासिल करना आसान हो जाता है। आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय का प्रभावी प्रबंधन सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
नशीने ने विद्यार्थियों को इनोवेशन एवं उद्यमिता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को नए दृष्टिकोण से देखने और उनके रचनात्मक एवं व्यावहारिक समाधान खोजने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने रचनात्मक सोच, समस्या निवारण प्रवृत्ति को भविष्य के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण कौशल बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल अच्छा विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस विचार को कार्य और परिणाम के माध्यम से वास्तविक परिणाम में बदलना आवश्यक है। उद्योग जगत के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, प्रश्न पूछने और नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा मुख्य वक्ता से विभिन्न विषयों पर संवाद एवं प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपने ज्ञान का विस्तार किया।विश्वविद्यालय के प्रबंधन और वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मप्रेरणा, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता तथा उद्यमशील दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीन डॉ साकेत जैसवानी, विभागाध्यक्ष डॉ नेहा सोनी एवं डॉ संजू सिंह साथ फैकल्टी सदस्यों एवं सिनर्जी क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत डॉ एकता मिश्रा नेअतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को प्राप्त प्रेरणादायी विचारों को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और प्राध्यापक उपस्थित थे।




