वैशाली नगर विधानसभा के वार्डों में होंगे 20.52 करोड़ रु.से अधिक के विकास कार्य
निगम चुनाव से पहले विधायक रिकेश की पहल

भिलाई नगर- आगामी नगर पालिक निगम चुनाव के ठीक पहले वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। विधायक रिकेश सेन की विशेष पहल और सक्रिय प्रयासों के चलते राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने 15वें वित्त आयोग के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड 1 से वार्ड 37 तक के लिए कुल 20 करोड़ 52 लाख 43 हजार रुपये के विकास कार्यों की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। विधायक द्वारा शासन को भेजे गए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्ताव पर मुहर लगने से क्षेत्र के 37 वार्डों में लंबे समय से प्रतीक्षित बुनियादी अधोसंरचना के कार्यों को गति मिलेगी।
स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार वार्ड 1 से 37 के अंतर्गत कुल 85 महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें विभिन्न वार्डों के आंतरिक व मुख्य अधोसंरचना विकास हेतु 20.03 करोड़ रुपये से अधिक तथा पूरे वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था व सौंदर्यीकरण के लिए डिजाइनर पोल लगाने हेतु 49 लाख रुपये की राशि शामिल है। इस प्रकार केवल वैशाली नगर विधानसभा के वार्ड 1 से 37 के लिए कुल 2052.43 लाख रुपये की भारी-भरकम स्वीकृति राज्य शासन से हासिल की गई है।
संचालनालय द्वारा जारी आदेशानुसार वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी 37 वार्डों में जनसुविधा से जुड़े प्राथमिक कार्यों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। खम्हरिया मुक्तिधाम मार्ग व गलियों में 40 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण होगा। स्मृति नगर, पुष्पक नगर एवं आनंद नगर में लगभग 58.75 लाख रुपये से आरसीसी नाली का जाल बिछेगा। नेहरू नगर एलआईजी में सीसी रोड व नाली हेतु 40 लाख, दक्षिण गंगोत्री एवं लोधीपारा क्षेत्र में डामरीकरण व सीमेंटीकरण, तथा राधिका नगर एवं कल्याण समिति क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट व मार्ग सीमेंटीकरण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
वार्ड सुंदर नगर, फरीद नगर में कव्हर नाली व सीमेंटीकरण के कार्य होंगे। शिक्षक नगर, विवेकानंद नगर व सनातन नगर में 40 लाख की लागत से सीसी रोड बनाई जाएगी। साकेत नगर भेलवा तालाब से कृष्णा ग्रांड सिटी तक सड़क व नाली के लिए 75 लाख, अंबेडकर नगर में डामरीकरण, सीमेंटीकरण व नाली निर्माण के लिए 114 लाख, तथा वैशाली नगर व काली बाड़ी मैदान में पेवर ब्लॉक, आरसीसी नाली, डोमशेड व ट्यूबुलर पोल स्थापना के लिए 145 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
कैलाश नगर एवं परशुराम मार्ग में 95 लाख रुपये से सीसी रोड का निर्माण होगा। हाउसिंग बोर्ड फौजी नगर व एमआईजी क्षेत्र में सड़क, नाली व सीवरेज नवीनीकरण हेतु 150 लाख, जवाहर नगर में सीमेंटीकरण, कलवर्ट और सीसी रोड के लिए 178.99 लाख, तथा राम नगर व कब्रिस्तान क्षेत्र में नाला रिटेनिंग वॉल व सीसी रोड निर्माण हेतु 241.68 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त शास्त्री नगर, प्रेम नगर, वृंदा नगर एवं प्रगति नगर में आंतरिक सड़कों के सीमेंटीकरण के कार्य कराए जाएंगे।
आदर्श नगर कबीर भवन व जेपी नगर मार्ग पर 28 लाख रुपये से सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण होगा। बैकुंठधाम क्षेत्र में नाली, सीमेंटीकरण व पेवर ब्लॉक, संतोषी पारा एवं शिवाजी नगर में सीसी रोड व नाली पुलिया कव्हर कार्य, तथा किशन चौक, टाटा लाइन, रवि रविदास नगर एवं चटाई क्वार्टर क्षेत्र में सीमेंटीकरण व नाली निर्माण के कार्य शामिल हैं।
एक साथ 20.52 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की मंजूरी मिलने से वार्डवासियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं इस फैसले ने चुनावी फिजा में सरगर्मी तेज कर दी है। शासन ने भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कराया जाए।




