राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

बारिश का असर: झारखंड में सब्जियों के दाम तीन से चार गुना बढ़े, भिंडी 80 रुपये किलो

 खलारी (रांची)
खलारी कोयलांचल क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हुई बारिश का असर सब्जियों की कीमतों पर पड़ा है। बाजार में सब्जियों के दाम तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं। कभी 10 रुपये किलो बिकने वाली भिंडी की कीमत अब 60 से 80 रुपये किलो तक पहुंच गई है।

अचानक बढ़ी कीमतों ने आम लोगों के घरेलू बजट को बिगाड़ दिया है। मध्यमवर्गीय परिवारों को अब सब्जियों की खरीदारी में कटौती करनी पड़ रही है। खलारी के बाजारों में टमाटर 50 रुपये, लहसुन और अदरक 150-150 रुपये किलो बिक रहे हैं

हरी सब्जियों में फरसबीन 100 रुपये, फूलगोभी 80 रुपये, पत्तागोभी 40 रुपये, शिमला मिर्च 100 रुपये, बैंगन और करेला 60-60 रुपये, परवल 50 से 60 रुपये, कद्दू 40 रुपये, नेनुआ 50 रुपये, झींगी 60 रुपये, मूली और कुंदरी 40-40 रुपये तथा कच्चू 50 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं धनिया पत्ती की कीमत 200 रुपये किलो तक पहुंच गई है।

खरीदारी में कटौती करने को मजबूर लोग
सब्जियों की बढ़ती कीमतों से गृहणियां परेशान हैं। सरिता देवी ने कहा कि बारिश के कारण सब्जियों के दाम बढ़ने से घरेलू बजट बिगड़ गया है। पूनम देवी और पुष्पा देवी ने बताया कि अब बाजार जाने से पहले बजट की योजना बनानी पड़ती है और जरूरत के मुताबिक ही सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं।

किसानों को मिली राहत
दूसरी ओर, सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों को राहत मिली है। बमने के किसान विशेश्वर महतो ने बताया कि पहले टमाटर के खरीदार नहीं मिल रहे थे, लेकिन अब बेहतर कीमत मिलने से मेहनत का उचित फल मिल रहा है। पुरानी राय के किसान राजेश महतो ने कहा कि बारिश से भिंडी की फसल को नुकसान हुआ है, लेकिन कीमत बढ़ने से किसानों को कुछ राहत मिली है।

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button