राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

ओबामा का ट्रंप पर तीखा हमला, व्हाइट हाउस की सजावट पर कसा तंज- ‘सद्दाम हुसैन की चीजकेक फैक्ट्री’

वाशिंगटन
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने व्हाइट हाउस की सजावट पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने इसे ऐसा बना दिया है, जैसे सद्दाम हुसैन ने चीजकेक फैक्ट्री खोल दी हो। ओबामा ने ओहायो और मिशिगन में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए ट्रंप प्रशासन पर अराजकता, क्रूरता, भ्रष्टाचार और अक्षमता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। पिछले 2 वर्षों में अमेरिका ने ऐसे हालात देखे हैं, जिनकी आधुनिक दौर में मिसाल नहीं मिलती। ओबामा ने ट्रंप के फैसलों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे युद्ध की शुरुआत की, जिसकी किसी ने मांग नहीं की थी। ईरान के साथ युद्ध के कारण तेल की कीमतों में तेजी आई है। ईरान पर हमलों के बाद होर्मुज से जहाजों की आवाजाही भी बाधित हुई है। ओबामा नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।

ओहायो के क्लीवलैंड में रैली के दौरान ओबामा ने पूर्व डेमोक्रेटिक सीनेटर शेरोड ब्राउन के लिए वोट मांगे। ब्राउन इस चुनाव में रिपब्लिकन सीनेटर जॉन हस्टेड को चुनौती दे रहे हैं। ओहायो में गवर्नर पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन और रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी के बीच भी मुकाबला है। रामास्वामी 2024 में राष्ट्रपति पद के चुनाव की दौड़ में शामिल रहे थे। ओहायो में सामने आए सर्वे में दोनों मुकाबलों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को मामूली बढ़त दिखाई गई है, लेकिन नतीजे करीबी रहने की उम्मीद है।

डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए मांग रहे वोट
ओबामा ने ट्रंप की राजधानी वॉशिंगटन में चल रही निर्माण और सजावट की परियोजनाओं पर भी निशाना साधा। इनमें नेशनल मॉल के रिफ्लेक्टिंग पूल की बनावट, व्हाइट हाउस में विशाल बॉलरूम बनाने की योजना और ओवल ऑफिस में सुनहरी सजावट शामिल है। इसके बाद ओबामा मिशिगन पहुंचे, जहां उन्होंने अमेरिकी सीनेट के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल एल-सैयद के लिए प्रचार किया। एल-सैयद का मुकाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स से है। ओबामा ने मिशिगन की मौजूदा डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन का भी जिक्र किया, जिनका इस साल चुनाव नहीं है।

अब्दुल और एलिसा की जोड़ी का किया समर्थन
ओबामा ने कहा कि कल्पना कीजिए कि अब्दुल और एलिसा की जोड़ी अमेरिकी सीनेट में आपके लिए काम कर रही हो। एक मुस्लिम पुरुष और एक यहूदी महिला का सीनेट में लोगों के लिए काम करना ऐसी बात है, जिस पर मिशिगन को गर्व होना चाहिए। ओबामा ने मतदाताओं से जल्द मतदान करने की अपील भी की, क्योंकि दोनों राज्यों में शुरुआती मतदान शुरू हो चुका है। वोट डालने में देरी न करें और अपने फैसले को लेकर असमंजस में न रहें। डेमोक्रेटिक पार्टी इन चुनावों में अमेरिकी कांग्रेस के एक या दोनों सदनों में फिर से नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है। सर्वे के मुताबिक, डेमोक्रेट्स के प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने की संभावना है, जबकि सीनेट में मुकाबला ज्यादा कड़ा रहने का अनुमान है

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button