भिलाई को योग नगरी बनाने के संकल्प के साथ हरिद्वार से लौटे योग साधक
स्वामी रामदेव जी के सानिध्य में योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में लिया प्रशिक्षण, प्राप्त किया प्रमाण पत्र

भिलाई- लौह नगरी भिलाई को योग नगरी बनाने के संकल्प के साथ दुर्ग-भिलाई के 15 योग साधक हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ फेस-2 में आयोजित योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर भिलाई लौटे। दिनांक 7 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में साधकों ने परम पूज्य स्वामी रामदेव जी के सानिध्य में योग, प्राणायाम, यज्ञ एवं सनातन संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
शिविर में शामिल सभी साधकों ने योग एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा भिलाई को योग नगरी के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर परम पूज्य स्वामी रामदेव जी के करकमलों से सभी शिविरार्थियों को सम्मानपूर्वक योग शिक्षक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस प्रशिक्षण शिविर में पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग के जिला महासचिव एवं भिलाई के बजरंग पारा, कोहका निवासी तिजउ राम साहू के नेतृत्व में दुर्ग-भिलाई के योग साधकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले साधकों में तिजउ राम साहू, संतोष चौरसिया, भावेश साहू, परस राम साहू, भूपेंद्र साहू, दिनेश साहू, हरख राम साहू, जे.आर. बिसेन (कोषाध्यक्ष, पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग), ओम प्रकाश गुप्ता, विमल साहू, शिवकुमार पटेल, अमन मिश्रा तथा रामचंद्र येमदे शामिल हैं।
स्वामी रामदेव जी के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर सभी साधकों ने संकल्प लिया कि वे भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाएंगे और अधिक से अधिक लोगों को नियमित योग एवं प्राणायाम से जोड़ने का प्रयास करेंगे।




