छत्तीसगढ़रायपुर

श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में,खाद्य विषाक्तता विषय पर हुआ व्याख्यान का आयोजन

भिलाई- श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग द्वारा खाद्य विषाक्तता विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान में कल्याण महाविद्यालय, भिलाई के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सौम्या खरे ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।

डॉ. खरे ने खाद्य विषाक्तता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सूक्ष्मजीवों द्वारा उत्पन्न विषैले पदार्थों, क्लॉस्ट्रिडियम बोटुलिनम जीवाणु तथा कवकीय विषों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने खाद्य पदार्थों में संदूषण के स्रोत, विषाक्तता उत्पन्न करने वाले प्रमुख सूक्ष्मजीवों, उनके विषों के कार्य करने की प्रक्रिया, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से सूक्ष्मजीवों तथा उनसे उत्पन्न विषैले पदार्थों की भूमिका को समझना अत्यंत आवश्यक है। व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को खाद्य एवं दुग्ध सूक्ष्मजीव विज्ञान, खाद्यजनित रोगों, सूक्ष्मजीवी विषों तथा सुरक्षित खाद्य व्यवहारों के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के विद्यार्थी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। संवादात्मक सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विषय से संबंधित जिज्ञासाओं को समझने तथा सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक एवं समसामयिक परिस्थितियों से जोडने का अवसर मिला।विभागाध्यक्ष डॉ नरेश कुमार देवांगन ने बताया कि विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ स्मिता सेलट के मार्गनिर्देशन में विभिन्न विषयों पर व्याख्यान एवं कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

यह आयोजन सूक्ष्मजीव विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल रहा।व्याख्यान में स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी, प्राध्यापक और शोधार्थी उपस्थित थे। अंत में आभार प्रदर्शन डॉ चौहान ने किया।

Dinesh Purwar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button