राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय

पलामू में दुर्गा पूजा से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई गांवों में अवैध महुआ शराब नष्ट

मेदिनीनगर (पलामू)
दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पलामू पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापामारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गुरुवार को चलाए गए इस अभियान में विभिन्न स्थानों से बड़ी मात्रा में शराब निर्माण में प्रयुक्त जावा महुआ और महुआ शराब को नष्ट किया गया।

इसमें किसुनपुर पिकेट क्षेत्र के अंगरा, अरेदाना और जागोडीह गांवों में छापामारी कर करीब 150 किलोग्राम जावा महुआ एवं अवैध शराब नष्ट की गई। वहीं, नावा जयपुर थाना क्षेत्र के हुरदगा गांव में 250 किलोग्राम तथा उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही गांव में 150 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया।

तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव के यादव टोला में 60 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। इसके अलावा कसमार गांव में 40 किलोग्राम जावा महुआ और पांच लीटर महुआ शराब को भी नष्ट किया गया। पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर करीब 100 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया।

इधर, पीपरा थाना क्षेत्र के गजना गांव में विभिन्न ठिकानों पर छापामारी कर करीब 200 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया। वहीं, रोंगा और बुड रोंगा गांवों में करीब 150 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया। पुलिस ने क्षेत्र के अन्य संभावित ठिकानों पर भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री की सूचना स्थानीय थाना या पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। 

 

Dinesh Kumar Purwar

Editor, Pramodan News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button